
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ी। बुधवार देर शाम उन्हें कुछ दिक्कत महसूस हुई। जिसके बाद तुरंत उन्हें एम्स ले जाया गया। 96 वर्षीय आडवाणी उम्र संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इसलिए उनका समय-समय पर घर पर ही चेकअप किया जाता है। फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।जानकारी के मुताबिक उन्हें उम्र संबंधित दिक्कतों के कारण दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया।
फिलहाल उन्हें एम्स के जिरियाट्रिक डिपार्टमेंट (बुजुर्गों का इलाज करने वाला विभाग) के डॉक्टर्स की निगरानी में रखा गया है। अभी उनकी तबीयत ठीक बताई जा रही है। इसी साल आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। आडवाणी की तबीयत के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे, इसलिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 30 मार्च को उनके आवास पर जाकर भारत रत्न से सम्मानित किया। राष्ट्रपति के साथ औपचारिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और लालकृष्ण आडवाणी के परिवार के सदस्य शामिल हुए।
इससे पहले 2015 में आडवाणी को देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया था। लालकृष्ण 2002 से 2004 तक भारत के 7वें उप प्रधानमंत्री रहें हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के सह-संस्थापकों में से एक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक के सदस्य हैं। लालकृष्ण आडवाणी 1998 से 2004 तक सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री रहे।

