Sign Up to Our Newsletter

Be the first to know the latest updates

जन जन की आवाज 
जन जन की आवाज 
Uncategorized

वायनाड लोकसभा सीट व 11 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी

वायनाड लोकसभा सीट व 11 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी

 

By-election voting: केरल की वायनाड लोकसभा सीट सहित 11 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।

वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी अपने राजनीति करियर की शुरुआत कर रही है। प्रियंका का मुकाबला भाजपा की ओर से नव्या हरिदास और लेफ्ट गठबंधन LDF से सत्यन मोकेरी से है।

मतदान के पहले घंटे के दौरान वायनाड लोकसभा सीट और चेलक्करा विधानसभा सीट पर क्रमश: 6.92 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, लोग वायनाड में 1,354 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए सुबह से ही पहुंचने लगे हैं। इस क्षेत्र में 14 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं।

वायनाड लोकसभा क्षेत्र के तहत सात विधानसभा सीटें वायनाड जिले में मनंतावाडी (सुरक्षित), सुल्तान बथेरी (सुरक्षित) और कलपेट्टा, कोझिकोड जिले में तिरुवमबाडी और मलप्पुरम जिले में ईरानद, निलांबुर और वंडूर हैं। आम चुनावों में रायबरेली से जीत के बाद राहुल गांधी द्वारा सीट खाली करने के कारण वायनाड सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

राज्य के त्रिशूर जिले में चेलक्करा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान के लिए लोग सुबह-सुबह मतदान केंद्रों पर उमड़ने लगे। इस निर्वाचन क्षेत्र में 177 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चेलक्करा में एलडीएफ के के. राधाकृष्णन के लोकसभा में चुने जाने के बाद उपचुनाव कराना पड़ रहा है। इस सीट पर कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

छत्तीसगढ़ उपचुनाव:

छत्तीसगढ़ में रायपुर शहर दक्षिण सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। इस सीट पर 30 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। रायपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद भाजपा विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह सीट रिक्त हुई।

चुनाव अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र में 1,33,800 पुरुष, 1,37,317 महिला और 52 ट्रांसजेंडर सहित कुल 2,71,169 मतदाता हैं। उपचुनाव के लिए कुल 253 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों की पांच कंपनियां तैनात की गई हैं।

उपचुनाव में 30 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, हालांकि यहां सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। भाजपा ने रायपुर के पूर्व सांसद और पूर्व महापौर सुनील कुमार सोनी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि विपक्ष ने युवा चेहरा आकाश शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। शर्मा युवा कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष हैं।

राजस्थान उपचुनाव:

राजस्थान की सात विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया। निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, ”मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया।” राज्य की झुंझुनू, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और रामगढ़ विधानसभा सीट पर मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

इन सात सीट पर कुल 69 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 10 महिलाएं और 59 पुरुष हैं। इन सात सीट पर कुल 19.37 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नौ हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। वर्तमान में 200 सीट वाली राज्य विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 114 विधायक, कांग्रेस के 65, भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के तीन, बहुजन समाज पार्टी (BSP) के दो, राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का एक और आठ निर्दलीय विधायक हैं।

मेघालय उपचुनाव:

मेघालय में गाम्बेग्रे विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। निर्वाचन क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। मेघालय के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, ”मतदाताओं में उत्साह है और मतदान रफ्तार पकड़ रहा है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें हैं।”

मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा की पत्नी मेहताब संगमा एनपीपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कांग्रेस से जिंगजांग एम. मारक, तृणमूल कांग्रेस से साधियारानी एम. संगमा, भाजपा से बर्नार्ड एन. मारक और दो निर्दलीय उम्मीदवार सेंगक्रबर्थ मारक और जेरी ए संगमा भी चुनाव मैदान में हैं। गाम्बेग्रे निर्वाचन क्षेत्र के विधायक सालेंग ए. संगमा के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद इस सीट के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। कुल 32,254 मतदाता, जिनमें 15,923 महिलाएं शामिल हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

बंगाल उपचुनाव:

पश्चिम बंगाल में छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए बुधवार को सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रारंभ हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल में सीताई, मदारीहाट, नैहाटी, हरोआ, मेदिनीपुर और तालडांगरा विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं।उपचुनाव के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कुल 108 कंपनियां तैनात की गई हैं। इस वर्ष आम चुनावों में विधायकों के सांसद के रूप में चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से रिक्त हुई इन सीटों पर उपचुनाव आवश्यक हो गए थे। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों ने सभी छह सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं और यहां मतदान के बाद 23 नवंबर को मतगणना होगी।

कर्नाटक उपचुनाव :

कर्नाटक में तीन विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान जारी है। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ और यह शाम छह बजे तक जारी रहेगा। शिग्गांव, सेंडुर और चन्नपटण में करीब 770 मतदान केंद्रों पर सात लाख से अधिक पात्र मतदाता हैं और इन सीटों पर कुल 45 उम्मीदवार हैं।

सेंडुर, शिग्गांव और चन्नपटण निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले क्रमश: कांग्रेस के ई. तुकाराम, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी के मई में लोकसभा में निर्वाचित होने के बाद इन सीटों पर उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी है।

चन्नपटण से 31 उम्मीदवार जबकि सेंडुर से छह और शिग्गांव से छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। माना जा रहा है कि उपचुनाव में सेंडुर और शिग्गांव में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है जबकि चन्नपटण में जनता दल (सेक्युलर) का कांग्रेस से सीधा मुकाबला है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our expertise, as well as our passion for web design, sets us apart from other agencies.

Get Latest Updates and big deals

    Our expertise, as well as our passion for web design, sets us apart from other agencies.

    Khabar Today News @2024. All Rights Reserved.

    Designed & Developed by Aurelius Infotech.