- Hindi News
- National
- IMD Weather Monsoon Rainfall Update; Rajasthan MP Maharashtra | Delhi UP Bihar IMD Heatwave Alert
नई दिल्ली1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

देश के दक्षिणी राज्यों में सामान्य तरीके से आगे बढ़ने के बाद मानसून शांत पड़ गया है। अर्थ साइंस के पूर्व सेक्रेटरी माधवन राजीवन ने कहा कि अगले 8-10 दिन में इसके तेजी से आगे बढ़ने की संभावना नहीं है, इसलिए उत्तर भारत में मानसून आने में देर लग रही है। हीटवेव चलने की यही वजह है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के 16 से 18 जून तक बिहार और झारखंड पहुंचने का अनुमान है। यह 20 से 30 जून के बीच उत्तर प्रदेश और 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंच सकता है।
बुधवार 12 जून को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल में हीटवेव चली। झारखंड, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तरी राजस्थान में कई जगहों का तापमान 45 से 47 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। UP का कानपुर (IAF) 47.5 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा।
देश के 14 राज्यों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा शामिल हैं।

आगे क्या…
- दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 12 घंटों के दौरान तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों तक पहुंचेगा।
- अगले 4 दिन तक कोलकाता, ओडिशा, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा में तेज गर्मी पड़ सकती है।
- पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में 14 जून तक भारी बारिश का अनुमान है।
देशभर के राज्यों में मौसम से जुड़ी तस्वीरें…

दिल्ली में बुधवार को 45 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। धूप से बचने के लिए खुद को कवर करके चलती लड़कियां।

नई दिल्ली में सड़कों पर पानी का छिड़काव करने वाली गाड़ी के पीछे साइकिल पर चलता बच्चा।

गर्मी के चलते नई दिल्ली में यमुना नदी सूख गई है। यमुना के सूखने से दिल्ली के कई इलाकों में जल संकट खड़ा हो गया है।

वाराणसी के गौदोलिया में गर्मी से राहत देने के लिए पानी का छिड़काव करने की मशीन लगाई गई है।

रोहतक में चिड़ियाघर में चीते को पानी से नहलाता केयरटेकर। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया।

आगरा में ताजमहल के सामने एक व्यक्ति को पानी पिलाता शख्स। यहां बीते दिन 46 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

रांची में नदी में खेलते बच्चे। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

अब बात मानसून की
मानसून अनुमानित समय से 4 दिन पहले ही गुजरात पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगर हालात ठीक रहे तो हिमाचल प्रदेश में 20 से 22 जून तक मानसून पहुंचने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश में यह 15 जून तक एंट्री ले सकता है। फिलहाल, महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में मौसम केंद्र ने 12 और 13 जून को निचले और मध्य पहाड़ियों में शुष्क मौसम और 12 से 14 जून तक ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।

प्रमुख राज्यों के मौसम से जुड़ी खबरें पढ़ें…
मध्यप्रदेश : निमाड़ में आंधी-बारिश का अलर्ट; 18 जून तक होगी मानसून की एंट्री

महाराष्ट्र के कई हिस्सों को कवर कर चुका मानसून मध्यप्रदेश की सीमा के करीब है, लेकिन बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की ब्रांच के कमजोर होने की वजह से इसकी एंट्री में 4 से 5 दिन और लगेंगे। IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, प्रदेश में मानसून 18 जून तक आ सकता है। दक्षिण हिस्से से मानसून एंटर होगा। पढ़ें पूरी खबर…
उत्तर प्रदेश : 15 जून तक पड़ेगी भीषण गर्मी, 3 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान

यूपी में आज यानी 12 से 15 जून दिनों तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूरे प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से गर्म हवा चलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिन तक तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चढ़ सकता है। विभाग ने आज 71 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर…
बिहार : 7 जिलों में लू का रेड अलर्ट, 15 जून से हो सकती है बारिश

बिहार में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। अधिकांश हिस्से लू की चपेट में है। मौसम विभाग आज 7 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। जिसमें बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, सीवान और अरवल शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 से 14 जून के बीच बिहार के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। पढ़ें पूरी खबर…
पंजाब: लगातार 4 दिन भीषण गर्मी, 12 जिलों में यलो और 8 में ऑरेंज अलर्ट

पंजाब में लोगों को अगले 4 दिन तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों के लिए यलो और 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में तापमान में 1.0 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आज तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान अब 40 के पार पहुंच गया है। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचल प्रदेश: 7 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार, आज और कल हीटवेव का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में फिर से भीषण गर्मी पड़ने लगी है। सात शहरों का पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। हमीरपुर के नेरी का तापमान 44.8 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज और कल हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे अगले दो दिन में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड: राज्य में गर्मी का रेड अलर्ट, अगले 3 दिनों तक राहत नहीं, 15 जून के बाद मानसून पहुंच सकता है

झारखंड में गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने आज 6 जगहों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जिन इलाकों मे आज रेड अलर्ट जारी है उनमें गढ़वा, पलामू , पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसांवा का इलाका है। इसके अलावा झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी भाग में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…
गुजरात : मानसून चार दिन पहले पहुंचा, सभी जिलों में होगी हल्की बारिश
मानसून मंगलवार को गुजरात पहुंच गया है। इस बार यह 4 दिन पहले ही राज्य में दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की नॉर्दर्न लिमिट राज्य के दक्षिणी हिस्से में नवसारी जिले से होकर गुजरी। आईएमडी अहमदाबाद के वैज्ञानिक रामाश्रय यादव ने बताया कि आमतौर पर मानसून 15 जून तक गुजरात पहुंचता है।

