12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कांगो में यात्रियों से भरी एक नाव के नदी में पलटने से कम से कम 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में एक नदी में यात्रियों से भरी नाव के डूबने से 80 से अधिक लोगों की मौत हो गई। ये हादसा बुधवार को माई-नदोम्बे प्रांत में क्वा नदी में हुआ। नाव पर 100 से ज्यादा लोग सवार थे। राष्ट्रपति फेलिक्स सिसिकेदी ने कहा कि इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना फिर से नहीं हो, इसलिए हादसे की जांच का आदेश दिया गया है।
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति ने पीड़ित परिवार के लोगों को अपना शोक संदेश भेजा है और अधिकारियों को आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया है। माई-नडोम्बे प्रांत की गवर्नर रीता बोला दुला ने रॉयटर्स को बताया कि यह घटना रात में नौकायन के कारण हुई। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच हो रही है।
कांगो में अक्सर होते हैं नाव से जुड़े हादसे
कांगो में नाव दुर्घटनाएं आम हैं। यहां पर अक्सर नावों से यात्रा करने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और लोग अक्सर क्षमता से अधिक सामान के साथ यात्रा करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मध्य अफ्रीकी देश कांगो में जंगली इलाका अधिक होने के कारण बहुत कम पक्की सड़कें हैं। इस वजह से लोगों के पास नदी के सहारे यात्रा करने का विकल्प बच जाता है।
पिछले साल अक्टूबर में कांगो में एक नाव हादसे में सौ से भी अधिक लोग मारे गए थे। इस दौरान नाव पर 300 से अधिक लोग सवार थे। ये हादसा म्बंडाका शहर के समीप एक नदी में हुआ था। इस दौरान लोगों ने लाइफ जैकेट भी नहीं पहनी थी जिससे अधिक लोगों की जानें गईं।

यमन में जंगली इलाका अधिक होने से सड़क कम बने हैं। इस वजह से लोग नाव से सफर करते हैं।(फाइल)
यमन में मंगवार को नाव पलटी, 49 की मौत
यमन में मंगलवार (11 जून) को अदन तट के पास शरणार्थियों से भरी एक नाव पलट गई, जिसमें सवार 49 लोगों की मौत हो गई और 140 से ज्यादा लोग लापता हो गए। न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, नाव में 260 लोग सवार थे, इनमें से सबसे ज्यादा लोग इथियोपिया और सोमालिया के थे।
शरणार्थी ईस्ट अफ्रीका से यमन जा रहे थे। ये लोग ईस्ट अफ्रीका के सोमालिया से स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3 बजे निकले थे, जो यमन से लगभग 600 किलोमीटर दूर है। संयुक्त राष्ट्र की संस्था इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (IOM) ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसमें 71 लोगों को बचा लिया गया। इनमें से 8 लोगों की हालत गंभीर है। IOM ने 31 महिलाओं समेत 6 बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं।

