नई दिल्ली2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने सोमवार 17 जून को कहा कि अपनी किताबों में हम भारत और इंडिया दोनों लिखेंगे। जो संविधान कहेगा, हम वही मानेंगे। कौन सा शब्द यानी (इंडिया या भारत) लिखा जाए, यह बहस बेकार है। किताबों में भारत और इंडिया शब्द इंटरचेंजिएबली तरीके (कभी भारत तो कभी इंडिया) से किया जाएगा।
NCERT का ये बयान इसलिए अहम है, क्योंकि कुछ महीनों पहले सोशल साइंस के सिलेबस पर काम कर रहे एक हाईलेवल पैनल ने इंडिया की जगह भारत लिखने का प्रस्ताव रखा था।
अब NCERT प्रमुख दिनेश प्रसाद सकलानी ने न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में साफ किया कि किताबों में दोनों नामों का इस्तेमाल किया जाएगा। हमें दोनों शब्दों से किसी तरह की नापसंदगी नहीं है। हम ये नहीं करेंगे कि या तो इंडिया लिखें या भारत। हम अभी भी दोनों नाम लिख रहे हैं।
पिछले साल पैनल के चेयरपर्सन ने प्रपोजल दिया था- इंडिया की जगह भारत लिखा जाए

NCERT अपने सिलेबस में नई शिक्षा नीति के तहत बदलाव के लिए 19 सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई थी। कमेटी के चेयरपर्सन सीआई आइजैक ने 25 अक्टूबर को बताया कि भारत का जिक्र विष्णु पुराण जैसे ग्रंथों में है, जो 7 हजार साल पुराने हैं। इंडिया नाम आमतौर पर ईस्ट इंडिया कंपनी और 1757 के प्लासी के युद्ध के बाद इस्तेमाल होना शुरू हुआ। ऐसे में देश के लिए भारत नाम का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
आईजैक ने NCERT के सिलेबस में क्लासिकल हिस्ट्री शामिल करने के पीछे तर्क दिया- अंग्रेजों ने भारतीय इतिहास को प्राचीन, मध्यकालीन और आधुनिक में बांट दिया। प्राचीन इतिहास बताता है कि देश अंधेरे में था, उसमें वैज्ञानिक जागरूकता नहीं थी। हमारा सुझाव है कि बच्चों को मध्यकाल और आधुनिक इतिहास के साथ प्राचीन भारत के बजाय क्लासिकल हिस्ट्री भी पढ़ाई जानी चाहिए। साथ ही सभी विषयों के सिलेबस में इंडियन नॉलेज सिस्टम शामिल किया जाना चाहिए।
तब NCERT ने कहा था कि पैनल के सुझावों पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
G-20 समिट में पहली बार इंडिया की जगह भारत नाम आया
9-10 सितंबर 2023 में दिल्ली के भारत मंडपम में G-20 समिट हुई थी। इसमें भारत सरकार ने आधिकारिक रूप से पहली बार भारत की राष्ट्रपति के लिए प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा था। समिट में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेमप्लेट पर इंडिया की बजाय भारत लिखा गया था।
NCERT संघ की शाखा की तरह काम कर रहा- जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि 2014 से NCERT संघ से जुड़े संस्थान की तरह काम कर रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET एग्जाम 2024 में ग्रेस मार्क्स के लिए NCERT पर आरोप लगाया है। NCERT लंबे समय से प्रोफेशनल संस्थान नहीं रह गया है।
रमेश ने ये भी कहा कि NCERT को मानना चाहिए कि वह नेशनल काउंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग है, न कि नागपुर या नरेंद्र मोदी काउंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग।
ये खबर पढ़ें…
NCERT की नई बुक में बाबरी मस्जिद का जिक्र नहीं:इसे तीन गुंबद वाला ढांचा लिखा, अयोध्या विवाद को अयोध्या विषय नाम दिया

NCERT की किताब से बाबरी मस्जिद, भगवान राम, श्री राम, रथ यात्रा, कारसेवा और विध्वंस के बाद की हिंसा की जानकारी हटा ली गई है। देश की टॉप एजुकेशन बॉडी ने 12वीं की पॉलिटिकल साइंस की किताब से ये शब्द हटा लिए हैं। वहीं, बुक में बाबरी मस्जिद नाम के बजाय इसे तीन गुंबद वाला ढांचा और अयोध्या विवाद को अयोध्या विषय के नाम से पढ़ाया जाएगा। 4 पेज के टॉपिक को भी दो पेज का कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें…

