- Hindi News
- National
- IMD Weather Heatwave Monsoon Alert Update; Rajasthan MP UP Punjab | Delhi Haryana Jammu Kashmir Temperature
नई दिल्ली15 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मध्य प्रदेश और राजस्थान में प्री-मानसून बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार (11 जून) को MP के 27 और राजस्थान के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
IMD ने सोमवार (10 जून) को बताया कि गुजरात में अगले 48 घंटों के दौरान यानी 11 से 13 जून तक मानसून प्रवेश कर सकता है। इसके कारण राज्य के कई हिस्सों में आज बारिश होने की संभावना है।
मुंबई में रविवार (9 जून) को मानसून की एंट्री के बाद से लगातार बारिश हो रही है। सोमवार (10 जून) सुबह तक पिछले 24 घंटे में 50 मिलीमीटर बारिश हुई। शहर में सोमवार शाम सात बजे के बाद भी भारी बारिश हुई।
दूसरी तरफ, उत्तर और पूर्वी भारत हीटवेव की चपेट में है। बिहार में आज एक्सट्रीम हीटवेव का अलर्ट है। बिहार एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
राज्य में लंबे समर वेकेशन के बाद सोमवार (10) जून को स्कूल खुले थे। हालांकि, पहले ही दिन कई जगह स्टूडेंट्स और टीचर्स बेहोश हो गए। इसके बाद राज्य के स्कूलों में 15 जून तक फिर से छुट्टी कर दी गई है।

UP का प्रयागराज देश में सबसे गर्म, तापमान 46.3 डिग्री
बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी लू चल रही है। UP का प्रयागराज सोमवार (10 जून) को 46.3 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। दिल्ली के आया नगर में 44.7, लोधी रोड में 43.8 और पालम में 44.1 डिग्री तापमान रहा।
उत्तर प्रदेश के 45 जिलों में मंगलवार (11 जून) को भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाओं के साथ हीटवेव चलने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है।
IMD के मुताबिक, गर्मी की नई लहर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों पर भी असर डाल सकती है।
आगे क्या…
- अगले 24 घंटों के लिए महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, लातूर और नांदेड़ में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर 14 जून तक भारी बारिश होने की संभावना है।
- दक्षिणी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं, साथ ही 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

गर्मी का असर, किस-किस पर
- मई 2024 में गर्मी की लहर ने असम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश की पहाड़ियों समेत देश भर में कई जगहों पर अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया। राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में पारा 50 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
- केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक देश में 150 प्रमुख जलाशयों में स्टोरेज इस हफ्ते उनके मौजूदा स्टोरेज का केवल 22% रह गया है। इससे कई राज्यों में पानी की कमी और इलेक्ट्रिसिटी प्रोडक्शन पर असर पड़ा। भीषण गर्मी ने पहले ही भारत की बिजली की मांग को रिकॉर्ड 246 गीगावाट तक पहुंचा दिया है, घरों और दफ्तरों में एयर कंडीशनर और कूलर पूरी क्षमता से चल रहे हैं।
- स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार मार्च से मई तक भारत में हीट स्ट्रोक के लगभग 25 हजार संदिग्ध मामले दर्ज किए गए और गर्मी से होने वाली बीमारियों के कारण 56 मौतें हुईं। नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (एनसीडीसी) के मुताबिक इनमें से 46 मौतें अकेले मई (30 मई तक) में दर्ज की गईं।
- 1 से 30 मई के बीच देश में हीट स्ट्रोक के 19 हजार 189 संदिग्ध मामले सामने आए। अधिकारियों के मुताबिक इस डेटा में उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली से होने वाली मौतें शामिल नहीं हैं।
- विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक गर्मी के कारण उत्पादकता में गिरावट के कारण अनुमानित 80 मिलियन वैश्विक नौकरियों में से 34 मिलियन नौकरियां भारत में जा सकती हैं।
- कुछ स्टडीज के मुताबिक भारत को हर साल 13 बिलियन अमरीकी डॉलर के खाद्य नुकसान का सामना करना पड़ता है। केवल 4% को कोल्ड चेन सर्विस से कवर किया जाता है।
अब बात मानसून की
मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 48 घंटों में दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। साथ ही यह भी अनुमान जताया है कि अगर हालात ठीक रहे तो हिमाचल प्रदेश में 20 से 22 जून तक मानसून पहुंचने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश में यह 18 जून तक एंट्री ले सकता है। फिलहाल, महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक जब 64.5 मिमी और 115.5 मिमी के बीच बारिश का अनुमान होता है, तब यलो अलर्ट जारी किया जाता है। ऑरेंज अलर्ट एक दिन में 115.6 से 204.4 मिमी के बीच होने वाली बारिश के लिए इस्तेमाल होता है। वहीं, रेड अलर्ट तब जारी किया जाता है, जब क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान 204.5 मिमी बारिश होने की संभावना होती है।
प्रमुख राज्यों के मौसम से जुड़ी खबरें पढ़ें…
उत्तर प्रदेश: 45 जिलों में आज हीटवेव, 13 से 16 जून को रेड अलर्ट; 48 डिग्री तक जा सकता है तापमान

उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिनों तक हीटवेव रहेगी। मौसम विभाग ने मंगलवार (11 जून) और बुधवार (12 जून) को हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट और 13 से 16 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से गर्म हवा चलेगी। तापमान 48 डिग्री और हीट इंडेक्स 52 के पार हो सकता है। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 7 जिलों में आज बारिश की संभावना, 14 जिलों में एक्सट्रीम हीटवेव का अलर्ट; 15 जून के बाद मिलेगी राहत

बिहार के 24 जिले मंगलवार (11 जून) को हीटवेव की चपेट में रहेंगे। इनमें 14 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में 14 जून तक एक्सट्रीम हीटवेव की चेतावनी दी है। कुछ जिलों में 11-12 जून को बारिश हो सकती है, लेकिन 14-15 जून के बाद ही गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश: भोपाल-जबलपुर समेत 27 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 17-18 जून तक पहुंचेगा मानसून

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी शुरू हो गई है। राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला, सिवनी, बालाघाट, बैतूल समेत कई जिलों में आंधी-बारिश जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार (11 जून) को 6 जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया है। राज्य में 17-18 जून तक मानसून पहुंचेगा। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान: प्री-मानसून की बारिश शुरू, आज 8 जिलों में आंधी-वर्षा का अलर्ट; कल से उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बढ़ेगा तापमान

मानसून गुजरात बॉर्डर के पास पहुंच गया है। इसके साथ ही राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया है। आज 8 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इससे पहले सोमवार (10 जून) को उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, सिरोही, माउंट आबू समेत कई शहरों में दोपहर के बाद बूंदाबांदी हुई। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़: 23 जिलों में बूंदाबांदी के आसार, सुकमा में मानसून ठहरा; अगले 3 दिन 3 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में 23 जिलों में मंगलवार (11 जून) को बूंदाबांदी के आसार हैं। सुकमा में 8 जून को मानसून पहुंच गया, लेकिन पिछले तीन दिनों से आगे ही नहीं बढ़ा है। इससे कई जिलों में गर्मी और उमस बढ़ गई है। अगले 24 घंटे में रायपुर, दुर्ग बिलासपुर और सरगुजा संभाग में दिन का तापमान 1-3 डिग्री तक बढ़ सकता है। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा: आज से 4 दिनों तक लू की आशंका; 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; 48 तक पहुंचेगा पारा

हरियाणा में मई के बाद जून में भीषण गर्मी का सेकेंड फेज शुरू हो चुका है। मौसम विभाग ने 11 से 14 जून तक राज्य के अधिकांश जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में पारा 48 डिग्री तक जा सकता है। अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड: 6 जिलों में ऑरेंज, 17 जिलों में लू का यलो अलर्ट; डाल्टेनगंज का तापमान पहुंचा 45

झारखंड में गर्मी से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। राज्य के 6 जिलों में मंगलवार (11 जून) को ऑरेंज और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार (10 जून) को डाल्टेनगंज का पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 15 जून के बाद ही मानसून की एंट्री होगी। पूरी खबर पढ़ें…